बारात के दौरान डीजे बंद होने पर बवाल, दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को मारी गोली
अखिलेश के उकसाने पर आकाश ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर पुत्तीलाल पर गोली चला दी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
हरदोई/जनमत न्यूज। अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव में एक शादी समारोह खूनी संघर्ष में बदल गया। बारात में डीजे बंद करने को लेकर हुए विवाद में दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
देर रात शाहपुरा गांव में टीकाराम की पुत्री की शादी लखनऊ जनपद के जेहटा निवासी विकास से हो रही थी। बारात पहुंच चुकी थी और डीजे की व्यवस्था अतरौली थाना क्षेत्र के बरगदी निवासी अमित पुत्र पुत्तीलाल के द्वारा की गई थी।
करीब रात 12 बजे अमित ने नियमों के तहत डीजे बंद कर दिया, जिस पर दूल्हे के बहनोई आकाश गौतम और उसके बड़े भाई अखिलेश गौतम ने डीजे दोबारा बजाने की मांग की। अमित द्वारा इंकार करने पर दोनों भाइयों ने उसके साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज शुरू कर दी।
झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल और भाई आशीष को बुलाया। जब दोनों आए और विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगे, तभी आकाश गौतम ने दबंगई दिखाते हुए कहा कि वह लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर है और किसी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसी बीच विवाद और भड़क गया।
इसी दौरान अखिलेश के उकसाने पर आकाश ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर पुत्तीलाल पर गोली चला दी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। बारातियों में भगदड़ मच गई और अधिकांश लोग मौके से निकल गए। गंभीर रूप से घायल पुत्तीलाल को पहले सीएचसी और फिर लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हत्या की खबर मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पूर्वी, और सीओ संडीला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वारदात के बाद शादी की रस्में ठप हो गईं। जिस घर में शहनाई बज रही थी, वहां सन्नाटा फैल गया। जयमाल की रस्म घटना से पहले हो चुकी थी, लेकिन भवरे अभी तक नहीं पड़ पाए हैं। दूल्हा और उसके परिजन कोतवाली में मौजूद हैं। दुल्हन विवाह की अंतिम रस्मों का इंतजार कर रही है। बाराती घटना के बाद अपने घर वापस लौट गए। यह हत्या पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सतर्कता बढ़ाए हुए है।


