महराजगंज: खोए 110 मोबाइल बरामद, असली मालिकों को सौंपे; छह माह में 628 फोन की बरामदगी

उप्र के महराजगंज जनपद के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए बड़ी सफलता हासिल की है।

महराजगंज: खोए 110 मोबाइल बरामद, असली मालिकों को सौंपे; छह माह में 628 फोन की बरामदगी
Published By- Diwaker Mishra

महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट

महराजगंज/जनमत न्यूज़। उप्र के महराजगंज जनपद के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए बड़ी सफलता हासिल की है।

CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीकों की मदद से पुलिस ने खोए हुए 110 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है। बुधवार को आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।

पुलिस के अनुसार, पिछले छह माह में सर्विलांस सेल ने कुल 628 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 78 लाख रुपये है। IMEI नंबर के आधार पर ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर इन मोबाइलों को खोजा गया।

मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया। एसपी ने सर्विलांस सेल की टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं और थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस के मुताबिक, कई मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, मंडियों, बस, ऑटो और टैक्सी में छूटने के अलावा बाइक चलाते समय जेब से गिरने, पार्क, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में छूटने के कारण गुम हुए थे। बच्चों के गेम खेलते समय मोबाइल छोड़ देने के मामले भी सामने आए।