प्रतापगढ़: पुलिस अभिरक्षा में मौत मामले में उठे सवाल, संतोष व अनीश दूबे को गलत फंसाने का आरोप
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में अर्जुन गौतम की मृत्यु के प्रकरण में दर्ज मुकदमे को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं पट्टी विधानसभा क्षेत्र के नेता दिनेश तिवारी एडवोकेट ने बुधवार को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में अर्जुन गौतम की मृत्यु के प्रकरण में दर्ज मुकदमे को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं पट्टी विधानसभा क्षेत्र के नेता दिनेश तिवारी एडवोकेट ने बुधवार को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच की प्रभावी निगरानी जिलाधिकारी स्तर से सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
दिनेश तिवारी ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में हुई मृत्यु अत्यंत गंभीर मामला है। ऐसे प्रकरण में निष्पक्ष जांच के माध्यम से वास्तविक तथ्यों को सामने लाना आवश्यक है, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो।
उन्होंने एफआईआर संख्या 403/2026, थाना पट्टी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में संतोष दूबे एवं अनीश दूबे को पीड़ित बताते हुए आरोप लगाया गया कि दोनों को मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में दोनों के विरुद्ध लगाए गए आरोप निराधार पाए जाते हैं तो उन्हें मुकदमे से बाहर किए जाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिनेश तिवारी ने कहा कि किसी निर्दोष को फंसाया नहीं जाना चाहिए और किसी दोषी को बचाया भी नहीं जाना चाहिए। अर्जुन गौतम की मृत्यु हत्या है अथवा आत्महत्या, इसका निर्धारण निष्पक्ष जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिस अभिरक्षा में हुई मृत्यु की मजिस्ट्रियल जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाने की भी मांग की। साथ ही कहा कि जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। दिनेश तिवारी ने जिलाधिकारी से मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच कराकर न्याय सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता दीपक मिश्र, दीपू, अनुप यादव, विनोद कुमार, पी.सी. सिंह, संतोष तिवारी, अब्दुल्लाह खान, अंकित पाठक, अंकित दूबे, राजकुमार यादव, रोहित कुमार गौतम, शमशेर आलम सहित कई अधिवक्ता, पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।



