चन्दौली: पांच दिन बाद खत्म हुआ फल-सब्जी कारोबारियों का धरना, SDM के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त
उप्र के चन्दौली जनपद के मुगलसराय सब्जी मंडी में फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले पिछले पांच दिनों से चल रहा धरना मंगलवार की रात एसडीएम राजेश कुमार वर्मा के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के मुगलसराय सब्जी मंडी में फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले पिछले पांच दिनों से चल रहा धरना मंगलवार की रात एसडीएम राजेश कुमार वर्मा के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
प्रशासन और व्यापारियों के बीच हुई वार्ता में थोक मंडी, वेंडिंग जोन और नो-एंट्री व्यवस्था में राहत समेत तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। धरना समाप्त होने के बाद व्यापारियों ने बुधवार से फल-सब्जी का कारोबार और आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू करने की बात कही।
वार्ता के दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि नवीन थोक मंडी के लिए जिला प्रशासन की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद मंडी विकसित कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर में वेंडिंग जोन के लिए सरकारी जमीनों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। चिह्नित स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित कर छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर एसडीएम ने कहा कि बड़ी मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश से यातायात प्रभावित होता है। हालांकि, पिकअप जैसी छोटी मालवाहक गाड़ियों को सामान लाने और उतारने की अनुमति रहेगी। सामान उतारने के बाद वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना होगा और उन्हें सड़क पर खड़ा नहीं किया जाएगा।
चकिया तिराहे पर लगने वाली सब्जी मंडी को लेकर भी व्यापारियों और प्रशासन के बीच चर्चा हुई। प्रशासन ने सड़क पर दुकान या वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की। व्यापारियों के अनुसार नाले के किनारे पर्याप्त जगह छोड़कर दुकान लगाने को लेकर भी सहमति बनी है।
एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने बताया कि थोक मंडी के लिए करीब एक सप्ताह के अंदर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन मिला है। वेंडिंग जोन के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे और पिकअप समेत छोटी मालवाहक गाड़ियों के आवागमन में राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि तीनों प्रमुख मांगों पर मिले आश्वासन के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। बुधवार से नगर में सब्जी कारोबार सामान्य होने की उम्मीद है।
धरना समाप्त होने पर व्यापारियों ने आंदोलन के दौरान सहयोग और समर्थन देने वाले मीडिया कर्मियों, व्यापार मंडल, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों और मुगलसराय की जनता का आभार जताया। इस दौरान उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर,समेत बड़ी संख्या में व्यापारी व फल-सब्जी विक्रेता मौजूद रहे।



