धनीपुर में 30 लाख की चोरी, परिवार सोता रहा

सुबह जब गृहस्वामी सुरेंद्र सिंह की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए।

धनीपुर में 30 लाख की चोरी, परिवार सोता रहा
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनीपुर गांव में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य की नगदी और जेवरात पार कर दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोर जीने के रास्ते मकान में दाखिल हुए। उस समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे, लेकिन किसी को भी घटना की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने इत्मीनान से कमरों की तलाशी ली और अलमारियों के ताले तोड़कर नगदी व कीमती जेवरात समेट लिए।

सुबह जब गृहस्वामी सुरेंद्र सिंह की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। नगदी और जेवरात गायब मिलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि निगरानी सख्त करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है और शीघ्र खुलासे का दावा कर रही है।