हरदोई में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की 25 बाइक स्कूटी बरामद; 3 चोर गिरफ्तार
लखनऊ से दो पहिया गाड़ियां चुराने वाले एक बड़े गैंग का हरदोई की कासिमपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। लखनऊ से दो पहिया गाड़ियां चुराने वाले एक बड़े गैंग का हरदोई की कासिमपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस को उस वक्त बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर बबूल के जंगलों से तीन शातिर चोरों को दबोच लिया गया।
मौके से पुलिस ने कुल 22 मोटरसाइकिलें और 3 स्कूटी बरामद की हैं। पूरा मामला बनियनखेड़ा मजरा घुसपाहा के बबूल के जंगल का है।
यहाँ मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि शातिर चोर कच्ची नहर की पटरी के पास गाड़ियों का पूरा जखीरा छिपाकर खड़े थे। ये बदमाश इन सभी गाड़ियों को किसी बड़े कंटेनर या वाहन में लादकर जिले से बाहर बेचने की फिराक में थे।
इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते,कासिमपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दी।पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए पूरे जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक धावा बोल दिया।
मौके से पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया जिनमे शकील पुत्र जब्बार निवासी बरगदिया खेड़ा, थाना कासिमपुर वीरू पुत्र बालकराम निवासी ग्राम झौनीखेड़ा मजरा करलांवा,थाना कासिमपुर अरबी हसन पुत्र उस्मान निवासी ग्राम कहचारी थाना कासिमपुर है।
तलाशी के दौरान आरोपी शकील के पास से 1 अवैध तमंचा,1 जिंदा कारतूस और 570 नगद बरामद हुए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बरामद की गई किसी भी बाइक या स्कूटी पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा था।
पुलिस अब इन सभी गाड़ियों के चेसिस और इंजन नंबर के जरिए इनके असली मालिकों का पता लगाने में जुट गई है।पूछताछ में पता चला है कि ये चोर मास्टर की के इस्तेमाल में माहिर थे।
भीड़भाड़ वाले इलाकों या सूनी जगहों से ये पलक झपकते ही किसी भी गाड़ी का लॉक खोलकर रफूचक्कर हो जाते थे।एसपी अशोक कुमार मीणा ने इस गिरोह का खुलासा करने वाले थाना प्रभारी व उनकी टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।


