महाराष्ट्र नगर निगम: SC-ST, OBC या जनरल, किस शहर में किस कैटेगरी का होगा मेयर; आज निकलेगी लॉटरी
महाराष्ट्र में नगर निगम का चुनाव संपन्न हो चुका है। सभी 29 नगर निगमों के मेयर पद के लिए आरक्षण तय करने की प्रक्रिया आज 22 जनवरी को तय होने जा रही है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र में नगर निगम का चुनाव संपन्न हो चुका है। सभी 29 नगर निगमों के मेयर पद के लिए आरक्षण तय करने की प्रक्रिया आज 22 जनवरी को तय होने जा रही है। शहरी विकास विभाग आज लॉटरी सिस्टम के जरिए यह तय करेगा कि किस शहर में मेयर की कुर्सी किस वर्ग (सामान्य, ओबीसी, एससी/एसटी) या महिला के लिए आरक्षित होगी।
ऐसे में अब सभी की नजरें इसी ‘मेयर लॉटरी’ पर टिकी हैं। इस प्रकिया के पूरा होते ही यह क्लियर हो जाएगा कि किस शहर में किस जाति और किस वर्ग का मेयर होगा। इसके बाद महाराष्ट्र की सभी 29 महानगरपालिका में नए मेयर का चुनाव निगम सदन में पार्षदों के मतदान के जरिए किया जाएगा।
आज निकलेगी लॉटरी
बता दें कि राज्य के शहरी विकास विभाग का जिम्मा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास है। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिका में मेयर पद के लिए नगर विकास विभाग आज आरक्षण लॉटरी निकालेगा।
शहरी विकास विभाग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार, 29 नगर निगमों की लॉटरी शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसल की अध्यक्षता में निकलेगी। लॉटरी निकलने के साथ ही यह तय हो जाएगा कि BMC, पुणे समेत 29 शहरों के मेयर महिला और पुरुष में किस वर्ग और किस कैटेगरी से होगा।
कौन-कौन होगा लॉटरी में शामिल
मेयर के लिए आरक्षण रोटेशन के आधार पर किया जाएगा। महाराष्ट्र में मेयर का पद रोटेशन के आधार पर सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, ओबीसी और महिलाओं के लिए आरक्षित होता है।
BMC में पिछली बार मेयर का पद सामान्य वर्ग के लिए निकला था। इसलिए इस बार सामान्य वर्ग को लॉटरी में नहीं शामिल किया जाएगा। इसी रोटेशन के तहत सभी शहरों में पिछला मेयर जिस वर्ग और जिस कैटेगरी का था, उसे इस बार के लॉटरी सिस्टम में शामिल नहीं किया जाएगा।


