Prateek Yadav Death News:लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर होगा अंतिम संस्कार,मौत की वजह आई सामने

मुलायम सिंह यादव के बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़े में खून का थक्का जमने की पुष्टि हुई है।

Prateek Yadav Death News:लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर होगा अंतिम संस्कार,मौत की वजह आई सामने
Published By- A.K. Mishra

लखनऊ/जनमत न्यूज़:- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर किया जाएगा। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे गोमती किनारे उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक पहुंच रहे हैं।

सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर अपनी अलग पहचान बनाने के लिए जाने जाते थे। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता थी। इंस्टाग्राम समेत कई प्लेटफॉर्म पर वह सक्रिय रहते थे और रील्स बनाने का उन्हें विशेष शौक था। उनके लाखों फॉलोअर्स थे और पिछले कई वर्षों से वह सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि प्रतीक यादव की मौत “मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म” के कारण हुई। विशेषज्ञ डॉक्टरों के मुताबिक, शरीर की नस में बना खून का थक्का फेफड़े की मुख्य धमनी तक पहुंच गया, जिससे ऑक्सीजन और रक्त प्रवाह अचानक रुक गया। इसके बाद दिल और सांस की प्रक्रिया एक साथ बंद हो गई, जिसे मेडिकल भाषा में कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स कहा जाता है।

वीडियोग्राफी के बीच हुआ पोस्टमार्टम

प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया विशेषज्ञों की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ कराई गई। डॉक्टरों ने विस्तृत जांच के लिए शरीर के कुछ नमूनों और विसरा को सुरक्षित रखा है, ताकि आगे माइक्रोस्कोपिक और केमिकल जांच की जा सके।

शरीर पर चोट के निशान भी मिले

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव के शरीर पर कुल छह चोटों के निशान पाए गए। इनमें चार चोटें दाहिने हाथ पर, एक छाती के दाहिने हिस्से में और एक बाईं कलाई पर मिली। डॉक्टरों का मानना है कि ये चोटें गिरने की वजह से लगी हो सकती हैं। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि इनमें से कोई भी चोट जानलेवा नहीं थी।

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे कई नेता

प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए कई राजनीतिक हस्तियां उनके आवास पहुंचीं। यूपी सरकार में मंत्री Baby Rani Maurya और उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। इसके अलावा बड़ी संख्या में समर्थक और परिचित लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

क्या है पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म?

चिकित्सकों के अनुसार, पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म एक गंभीर स्थिति होती है, जिसमें शरीर की किसी नस में बना खून का थक्का फेफड़ों तक पहुंचकर वहां की मुख्य नस को ब्लॉक कर देता है। इससे शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो जाती है और कुछ ही मिनटों में स्थिति जानलेवा बन सकती है।