वेतन न मिलने से संविदा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का प्रदर्शन, जिला अस्पताल गेट पर जताई नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को वेतन के अलावा कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलती। ऐसे में तीन महीने से भुगतान लंबित होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।

वेतन न मिलने से संविदा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का प्रदर्शन, जिला अस्पताल गेट पर जताई नाराजगी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। रामनगरी अयोध्या में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में जिला अस्पताल गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द वेतन जारी करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में तैनात 50 से अधिक संविदा डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मी अस्पताल परिसर के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएं सामने रखीं। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।

प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को वेतन के अलावा कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलती। ऐसे में तीन महीने से भुगतान लंबित होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में डॉ. पल्लवी श्रीवास्तव, डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ. आशुतोष प्रताप सिंह और डॉ. आशीष पाठक समेत बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।