गुटखा–पान मसाला की बढ़ी कीमतों पर विवाद बना हिंसा की वजह, महिला से मारपीट के बाद इलाके में बवाल
महिला ने आरोप लगाया कि दुकानदार पुराने स्टॉक पर भी नए बढ़े हुए दाम वसूल रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात पर दुकानदार आपा खो बैठा और लाठी-डंडों से महिला पर हमला कर दिया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। केंद्रीय बजट के बाद गुटखा और पान मसाला की कीमतों में हुई बढ़ोतरी अब सड़कों पर हिंसा का कारण बनने लगी है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के देवानंदपुर इलाके में सोमवार रात महंगाई के नाम पर कथित मनमानी कर रहे एक दुकानदार द्वारा दाम पूछने पर महिला से बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवानंदपुर निवासी एक महिला गुटखा की पुड़िया खरीदने के लिए दुकान पर पहुंची थी। महिला ने आरोप लगाया कि दुकानदार पुराने स्टॉक पर भी नए बढ़े हुए दाम वसूल रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात पर दुकानदार आपा खो बैठा और लाठी-डंडों से महिला पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।
महिला के साथ मारपीट होते देख आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन वे भी हमले की चपेट में आ गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में बाजार का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। इस घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता की लिखित तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद देवानंदपुर इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बजट का हवाला देकर कई दुकानदार मनमाने तरीके से दाम बढ़ा रहे हैं और सवाल उठाने पर ग्राहकों के साथ अभद्रता व मारपीट कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुराने स्टॉक पर नए दाम वसूलना खुली कालाबाजारी है, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

Janmat News 
