श्री झारखंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गूंजा "हर-हर महादेव"

आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत शिवभक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

श्री झारखंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गूंजा "हर-हर महादेव"
REPORTED BY - GULAM NABI, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर/जनमत न्यूज। सावन मास के अंतिम सोमवार को धर्मपुर स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री झारखंडेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत शिवभक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों की गूंज सुनाई दी।

सुबह चार बजे से ही भक्त गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और भांग लेकर मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी शिव भक्ति में लीन रहे। कई भक्त कांवड़ यात्रा से जल लेकर बाबा का अभिषेक करते नजर आए। सावन के पावन अवसर पर मंदिर समिति की ओर से विशेष रुद्राभिषेक, महाआरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाकर अत्यंत आकर्षक बनाया गया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। धर्मपुर का यह शिव मंदिर बलरामपुर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। मान्यता है कि यहां जलाभिषेक करने से भोलेनाथ सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। सावन के सोमवार को यहां हजारों श्रद्धालु जल चढ़ाने आते हैं।

श्रद्धालु रामाश्रय मिश्रा ने कहा, "हर साल सावन में बाबा झारखंडेश्वर नाथ का जलाभिषेक करता हूँ, इससे मन को शांति मिलती है।" वहीं रेखा देवी ने पहली बार जलाभिषेक कर कहा, "इतनी भक्ति और आस्था का माहौल अद्भुत है।"

एसडीएम और थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस और स्वयंसेवकों ने भीड़ को नियंत्रित कर सुचारू रूप से दर्शन कराने में अहम भूमिका निभाई।