कानपुर देहात को मिली बड़ी सौगात, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग के नवीन कार्यालय भवन का हुआ उद्घाटन
उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं निबंधन विभाग द्वारा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने की कड़ी में आज कानपुर देहात जनपद के अकबरपुर में एक नया मील का पत्थर जुड़ा है।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं निबंधन विभाग द्वारा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने की कड़ी में आज कानपुर देहात जनपद के अकबरपुर में एक नया मील का पत्थर जुड़ा है। आज यहाँ उप निबंधक कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण समारोह बेहद हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में हुए इस विकास कार्य से क्षेत्रीय जनता और अधिवक्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
कानपुर देहात के अकबरपुर में आज का दिन बेहद खास रहा। मौका था स्टाम्प एवं निबंधन विभाग के नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय भवन के लोकार्पण का। कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय वातावरण और भव्य रूप में किया गया।
लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, एजी जितेंद्र कुमार माणिक, उप निबंधक संतोष कुमार सरोज, डीआई स्टाम्प सी.पी. मौर्य ने शिरकत किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता समिति अकबरपुर कानपुर देहात के अध्यक्ष बिपिन चन्द्र दीक्षित ने इस अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण पर प्रसन्नता जताई।
उप निबंधक संतोष कुमार सरोज का मानना है कि इस नवीन कार्यालय भवन के शुरू होने से न केवल क्षेत्रीय नागरिकों और वादकारियों को बेहतर कार्यालयीन सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि ज़मीन-जायदाद और अन्य संपत्तियों के निबंधन कार्यों के निष्पादन में भी अभूतपूर्व सुगमता और पारदर्शिता आएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



