संभल: पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद

उप्र के संभल जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़  कार्यवाही लगातार जारी है। थाना बनियाठेर पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।

संभल: पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट 

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़  कार्यवाही लगातार जारी है। थाना बनियाठेर पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध शस्त्र और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पूरा मामला संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम को हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त की तलाश थी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्त से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने अवैध शस्त्र और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

संभल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 3 नवंबर को जनपद संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। विक्रम चौधरी नाम का व्यक्ति हजरतनगर गढ़ी का रहने वाला था। उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

उक्त घटना के अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जनपद संभल में चार टीमों का गठन किया गया था। इसमें जनपद की सर्विलांस और स्वाट टीम के साथ थाना बनियाठेर और चंदौसी की टीम को शामिल किया गया था।

सभी टीमों को लगातार इस मामले में लगाया गया था और घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे थे। इस संबंध में मृतक के परिजनों की ओर से चार लोगों के खिलाफ नामजद अभियोग भी पंजीकृत कराया गया था। पुलिस की टीमें लगातार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई थीं।

इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद आज थाना बनियाठेर क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी की।इस दौरान अभियुक्त द्वारा पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने भी नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में चोट आई है।

उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया,अभियुक्त की पहचान अंकुश चौधरी निवासी नरौली, थाना बनियाठेर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय जानकारी में सामने आया है कि मृतक विक्रम चौधरी ने करीब दो वर्ष पूर्व अभियुक्त के भाई के साले के बहनोई की हत्या की थी।

उसी हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।अभियुक्त से पुलिस टीम लगातार पूछताछ कर रही है। उसके कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 32 बोर की एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।