हरदोई में चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस इंस्पेक्टर के घर को बनाया निशाना; शराब पीकर मचाया तांडव

उप्र के हरदोई जनपद में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने भाजपा कार्यालय के पास स्थित एक पुलिस इंस्पेक्टर के घर को ही निशाना बना डाला।

हरदोई में चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस इंस्पेक्टर के घर को बनाया निशाना; शराब पीकर मचाया तांडव
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने भाजपा कार्यालय के पास स्थित एक पुलिस इंस्पेक्टर के घर को ही निशाना बना डाला।

चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, घर में जमकर उत्पात मचाते हुए टीवी, लैपटॉप और कंप्यूटर समेत कई सामानों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह वर्तमान में लखीमपुर खीरी में तैनात हैं। वारदात के दौरान उनका घर खाली था। उनकी पत्नी जब घर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गईं।

पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और चोरों ने जमकर तोड़फोड़ की थी। मौके पर शराब पीने के भी साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।