हरदोई में नहर में गिरी कार; दंपति और तीन माह के मासूम की मौत; युवक सुरक्षित
उप्र के हरदोई जनपद के बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुड़गांव से हरदोई लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर जफरपुर पुलिया के पास नहर में जा गिरी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुड़गांव से हरदोई लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर जफरपुर पुलिया के पास नहर में जा गिरी।
हादसे में दंपति और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक अन्य युवक सुरक्षित बच गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम छा गया।
पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम जफरपुर पुलिया के पास एक कार नहर में गिर गई है और उसमें सवार लोग डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर कार सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकलवाया।
कार में आदित्य सिंह (28) पुत्र रामनरेश सिंह, रमेश (35) पुत्र हरिराम, रमेश की पत्नी नीलम (32) और उनका तीन माह का बच्चा सवार थे। सभी हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा के निवासी बताए गए हैं जो चांद बेहटा शहर कोतवाली में रह रहे थे।ये लोग गुड़गांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर मोड़ के पास जफरपुर पुलिया पर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे में आदित्य सिंह सुरक्षित बच गए, जबकि रमेश, नीलम और तीन माह के बच्चे को एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कन्नौज पुलिस ने पंचायतनामा सहित अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रामसूरत सोनकर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी को नहर से बाहर निकलवाया गया मामले में आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।



