बलरामपुर से हादसों को दावत देने वाली तस्वीर, पानी की टंकी पर चढ़ाकर करवा रहे किसानों का बायोमेट्रिक

उप्र के बलरामपुर जनपद के हरैया सतघरवा विकासखंड की सहकारी समिति कोहड़ौरा से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है।

बलरामपुर से हादसों को दावत देने वाली तस्वीर, पानी की टंकी पर चढ़ाकर करवा रहे किसानों का बायोमेट्रिक
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के हरैया सतघरवा विकासखंड की सहकारी समिति कोहड़ौरा से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। किसानों का आरोप है कि यूरिया पाने के लिए उन्हें करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमेट्रिक अंगूठा लगाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यवस्था सीधे तौर पर हादसों को दावत दे रही है और जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती है। किसानों के अनुसार, बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के यूरिया नहीं दिया जा रहा है।

टंकी पर चढ़ने में असमर्थ किसानों को खाद से वंचित किया जा रहा है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा निर्धारित 266.50 प्रति बोरी की जगह उनसे 280 प्रति बोरी वसूले जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई किसानों को 10 जुलाई को यूरिया वितरण का संदेश मिला था, लेकिन 29 जुलाई तक भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।