प्रतापगढ़: लीलापुर में प्राइवेट बस ने मैजिक लोडर को मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर किठावर तिराहे के पास एक प्राइवेट बस और मैजिक लोडर की टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर किठावर तिराहे के पास एक प्राइवेट बस और मैजिक लोडर की टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायल चालक की पहचान राजेश मिश्रा (45 वर्ष) पुत्र बलराम मिश्रा, निवासी पूरे अन्ती, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह प्रतापगढ़ शहर से हार्डवेयर का सामान लेकर मैजिक लोडर से सगरा सुंदरपुर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मैजिक लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सगरा सुंदरपुर चौकी प्रभारी दीपक यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बस की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मैजिक लोडर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार बस चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


