प्रतापगढ़ में पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने उतरवाकर शुरू की जांच

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के असरही गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 18 वर्षीय युवक का शव आंवले की बगिया में पेड़ से लटका मिला।

प्रतापगढ़ में पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने उतरवाकर शुरू की जांच
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के असरही गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 18 वर्षीय युवक का शव आंवले की बगिया में पेड़ से लटका मिला। बगिया की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान असरही गांव निवासी अंकित सरोज (18) पुत्र माता फेर सरोज के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम अंकित ने घर पर खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया था। परिवार के सदस्यों ने रात में उसे कमरे में सोया हुआ समझा। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लालगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

युवक की मौत को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।