प्रतापगढ़ के युवक ने KBC में जीते 5 लाख रुपये, अमिताभ बच्चन से हुई करीब दो घंटे बातचीत
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के पट्टी तहसील क्षेत्र के डड़वा महोखरी गांव निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी ने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 लाख रुपये जीते हैं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के पट्टी तहसील क्षेत्र के डड़वा महोखरी गांव निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी ने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 लाख रुपये जीते हैं। चंद्र प्रकाश अपनी पत्नी माधुरी तिवारी के साथ KBC में पहुंचे थे।
उनके गांव में खुशी का माहौल है और बधाई देने के लिए लोगों का उनके घर पहुंचना लगातार जारी है। चंद्र प्रकाश की प्राथमिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई उड़ैयाडीह से की।
कक्षा 9 से 12वीं तक की शिक्षा रामराज इंटर कॉलेज, पट्टी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद डिग्री कॉलेज, नैनी, प्रयागराज से कला वर्ग में स्नातक की पढ़ाई की।
2017 से शुरू किया KBC में पहुंचने का सफर
चंद्र प्रकाश ने बताया कि KBC में शामिल होने का विचार उनके मन में पहली बार वर्ष 2017 में आया था। इसके बाद उन्होंने 2018, 2019 और 2020 में लगातार प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
वर्ष 2021 में वह ऑडिशन राउंड और जीके टेस्ट तक पहुंचे, लेकिन फाइनल कॉल नहीं आया। वर्ष 2022 में उनका चयन हुआ, लेकिन वह ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ तक नहीं पहुंच सके। वर्ष 2023 में भी वह दो-दो नंबर से चूक गए।
इसके बाद उन्होंने कुछ समय के लिए प्रयास कम कर दिए। वर्ष 2024 में रजिस्ट्रेशन के बावजूद चयन नहीं हुआ। वर्ष 2025 में ऑडिशन के लिए मुंबई से कॉल आया, लेकिन वह वहां नहीं जा सके।
2026 में पहुंचे हॉट सीट तक
आखिरकार वर्ष 2026 में उनकी मेहनत रंग लाई। 1 सितंबर को उन्हें KBC की ओर से कॉल आया और 16 सितंबर को मुंबई पहुंचना था। 17 और 19 सितंबर को शूटिंग हुई। चंद्र प्रकाश के मुताबिक, शुरुआती दो दिनों की शूटिंग में चयन नहीं होने से वह निराश हो गए थे।
यहां तक कि कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने भी उन्हें वापस होटल भेज दिया था। इसके बाद उन्हें अमिताभ बच्चन के सामने एक और ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ खेलने का मौका मिला। इस बार किस्मत ने उनका साथ दिया और वह हॉट सीट तक पहुंचने में सफल रहे।
2009 से दिल्ली में कर रहे CCTV कैमरा लगाने का काम
चंद्र प्रकाश वर्ष 2009 में दिल्ली चले गए थे। वहां वह CCTV कैमरे लगाने का काम करते हैं। KBC के दौरान उन्होंने अपने काम और वर्षों से किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी अमिताभ बच्चन को बताया। उन्होंने कहा कि मुंबई में बिताए गए सात दिन उनके लिए बेहद खास रहे। अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत करना उनके लिए सपने जैसा और अविस्मरणीय अनुभव रहा।
अमिताभ बच्चन ने बापूपट्टी गांव का किया जिक्र
चंद्र प्रकाश ने बताया कि उन्हें पहले इतना ही पता था कि अमिताभ बच्चन का संबंध इलाहाबाद से है और उनके पिता वहां पढ़ाते थे। बाद में इंटरनेट पर जानकारी जुटाने पर उन्हें पता चला कि अमिताभ बच्चन के पूर्वजों का मूल निवास प्रतापगढ़ के बापूपट्टी गांव में रहा है।
KBC के दौरान जब चंद्र प्रकाश ने अमिताभ बच्चन को बताया कि वह बापूपट्टी के पास के गांव से आए हैं तो अमिताभ बच्चन काफी खुश हुए। चंद्र प्रकाश के अनुसार, बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बापूपट्टी में अधूरे पड़े एक पुस्तकालय के काम का भी जिक्र किया।
चंद्र प्रकाश के मुताबिक, अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह वहां के लोगों से किया अपना वादा निभाएंगे और बचा हुआ काम पूरा करवाएंगे। उन्होंने अपने पैतृक गांव बापूपट्टी के लोगों से नाराजगी को लेकर माफी मांगने की बात भी कही। साथ ही गांव के युवाओं के लिए लाइब्रेरी बनवाने की बात कही।
करीब दो घंटे तक हुई अमिताभ बच्चन से बातचीत
चंद्र प्रकाश के अनुसार, KBC के दौरान अमिताभ बच्चन से उनकी करीब डेढ़ से दो घंटे तक बातचीत हुई। अमिताभ बच्चन ने उनके CCTV से जुड़े काम, संघर्ष और KBC में पहुंचने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
चंद्र प्रकाश ने KBC में अमिताभ बच्चन के साथ बिताए समय को अपने जीवन का बेहद खास और यादगार अनुभव बताया। वहीं, उनके 5 लाख रुपये जीतने की खबर से डड़वा महोखरी गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं।



