हरदोई: दीपावली से पहले अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, खाली मकान से लाखों की आतिशबाजी बरामद
उप्र के हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ गांव में दीपावली से ठीक पहले पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के एक बड़े काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। खाली पड़े मकान में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों का जखीरा जमा किया जा रहा था।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ गांव में दीपावली से ठीक पहले पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के एक बड़े काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। खाली पड़े मकान में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों का जखीरा जमा किया जा रहा था।
खुफिया सूचना के आधार पर माधौगंज पुलिस ने भारी फोर्स के साथ मौके पर छापेमारी कर कम से कम 10 लाख रुपये का पटाखा जब्त किया है। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही अवैध पटाखों का काला कारोबार फलने-फूलने लगा है।
इसी कड़ी में हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ गांव में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के खुफिया तंत्र को सूचना मिली थी कि गांव के एक खाली पड़े मकान में बड़े पैमाने पर अवैध आतिशबाजी का सामान छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही माधौगंज थाना अध्यक्ष राजपाल सरोज और सब इंस्पेक्टर जय प्रकाश मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान पर छापा मार दिया। तलाशी के दौरान कमरे से लाखों रुपये मूल्य का अवैध पटाखा बरामद हुआ। पुलिस ने फौरन पूरे सामान को अपने कब्जे में लिया और मकान को सील करते हुए ताला जड़ दिया।
इस पूरी छापेमारी में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस मकान में यह बारूद का ढेर रखा था। पड़ोस में रह रही महिला के देवर का मकान था। उसी से सटकर पड़ोस में महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ रह रही थी यानी एक बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा था।
पड़ोस में रहने वाली महिला का कहना है कि यह मकान साबुन और निरमा रखने के नाम पर किराये पर लिया गया था। महिला ने बताया रात के अंधेरे में यहां क्या सामान रखा जा रहा था, इसकी उसे कोई खबर नहीं थी।
साबुन के कारोबार की आड़ में चल रहे इस बारूद के खेल को समय रहते पुलिस ने बेनकाब कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल पुलिस ने पूरे सामान को जब्त कर मकान सील कर दिया है और इस अवैध कारोबार के पीछे शामिल आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।



