औरैया: शराब के लिए रुपये मांगने पर हुआ विवाद, 70 वर्षीय वृद्ध मां की बेटे ने की हत्या, गिरफ्तार

औरैया: शराब के लिए रुपये मांगने पर हुआ विवाद, 70 वर्षीय वृद्ध मां की बेटे ने की हत्या, गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है और उसका परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना के दिन शराब के नशे में आरोपी अपनी मां से शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने वृद्ध मां के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में वांछित अभियुक्त बलवान पुत्र स्वर्गीय राम आसरे, निवासी ग्राम मलकपुर, थाना कोतवाली औरैया, उम्र करीब 45 वर्ष को रविवार 4 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:15 बजे चिरहूली पुल के नीचे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घर में अकेली मिली थी वृद्ध महिला

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से ग्राम मलकपुर में एक वृद्ध महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली औरैया पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान श्रीमती देवी पत्नी स्वर्गीय राम आसरे, उम्र करीब 70 वर्ष के रूप में हुई।

बताया गया कि वृद्ध महिला अपने छोटे पुत्र वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। घटना के समय उनके सिर से खून बह रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बड़े बेटे पर लगाया गया था हत्या का आरोप 

घटना के बाद मृतका के छोटे बेटे वीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मां की हत्या की है। तहरीर के आधार पर कोतवाली औरैया में मु.अ.सं. 678/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत बलवान पुत्र स्वर्गीय राम आसरे और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से बलवान के चिरहूली पुल के नीचे मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जमीन को लेकर परिवार में था विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बलवान शराब पीने का आदी है। उसका अपने परिजनों से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूर्व में अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी, जिसके बाद परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को आरोपी शराब के नशे में अपनी मां के पास पहुंचा और दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। वृद्ध महिला ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने अपनी मां के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से वृद्ध महिला को जमीन पर कई बार पटक दिया।

इस दौरान वृद्ध महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक औरैया और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई में कोतवाली औरैया पुलिस टीम शामिल रही।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

जितेन्द्र कुमार तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली औरैया

उपनिरीक्षक मो. शकील खां, थाना कोतवाली औरैया, मय हमराह

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।