कानपुर देहात में मुठभेड़ के बाद 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूट कांड का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 देशी तमंचे, कारतूस, 46,800 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, लॉक कटर, सब्बल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट —
कानपुर देहात/जनमत न्यूज। जनपद कानपुर देहात में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना राजपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान लूट, छिनैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, जेवरात और घटना में प्रयुक्त कार समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5/6 मई की रात मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार का पीछा किया गया। नैनपुर पुलिया के पास पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार बदमाश भागने लगे। इस दौरान दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि अन्य दो ने भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरुण यादव, शिवम पाल उर्फ ज्वाला सिंह, देशराज और अर्पित यादव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और विभिन्न जिलों में इनके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 देशी तमंचे, कारतूस, 46,800 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, लॉक कटर, सब्बल और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि 1/2 मई की रात थाना राजपुर क्षेत्र में एक बाइक सवार महिला से तमंचे के बल पर जेवर लूटने की घटना को भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Janmat News 
