प्रेम विवाह की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
जिस युवक से युवती शादी करना चाहती है, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बावजूद युवती उसी युवक से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में प्रेम विवाह को लेकर एक युवती द्वारा मोबाइल टावर पर चढ़ जाने का मामला सामने आया है। युवती अपनी पसंद के युवक से शादी करने की जिद पर अड़ गई और परिवार के विरोध करने पर जान देने की धमकी देते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मामला इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे रूपईडीहा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार लहरपुरवा निवासी युवती अपनी मर्जी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने इसके लिए मना कर दिया। इससे नाराज युवती रूपईडीहा क्षेत्र स्थित एसबीआई बैंक के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहां से कूदकर जान देने की चेतावनी देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक पुलिस एवं स्थानीय लोग युवती को शांत कराने में जुटे रहे। इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरा क्षेत्र चर्चा का केंद्र बना रहा।
बताया जा रहा है कि जिस युवक से युवती शादी करना चाहती है, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बावजूद युवती उसी युवक से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पूरे मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

Janmat News 
