औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया के ककोर स्थित मानस सभागार में स्व-गणना डिजिटल फॉर्म अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाला यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है और इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों एवं कार्यालयों में लोगों को जागरूक कर ज्यादा से ज्यादा डिजिटल फॉर्म भरवाए जाएं।
अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने डिजिटल सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचकर स्वयं सेल्फी भी खिंचवाई और लोगों से स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्व-गणना जनपद के समग्र विकास और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिलाधिकारी ने लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने की भी सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फॉर्म भरते समय अपना OTP, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाना है, जिससे हर व्यक्ति डिजिटल स्व-गणना पूर्ण कर विकास प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सके।