अलीगढ़ में जेल से छूटे हिस्ट्रीशीटर का जोरदार स्वागत, सोशल मीडिया पर बेटे ने लिखा "किंग इज बैक"
उप्र के अलीगढ़ जनपद में जेल से छूटकर आए हिस्ट्रीशीटर शफीक कसाई के स्वागत में जमकर आतिशबाजी और जुलूस निकालने का मामला सामने आया है।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद में जेल से छूटकर आए हिस्ट्रीशीटर शफीक कसाई के स्वागत में जमकर आतिशबाजी और जुलूस निकालने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि 15 सितंबर को अलीगढ़ जेल से रिहा होने के बाद मोहल्ले में पहुंचते ही हिस्ट्रीशीटर के स्वागत में जोरदार आतिशबाजी की गई और जुलूस निकाला गया।
वही जेल से छूटने के बाद अपने घर पहुंचे हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने सोशल मीडिया पर अपने पिता को लेकर लिखा कि 'किंग इज बैक' जो उखाड़ा जाए उखाड़ लो। हिस्ट्रीशीटर शफीक कसाई के बेटे द्वारा सोशल मीडिया पर की गई इस पोस्ट के बाद पूरा मोहल्ला डरा हुआ है।
आपको बताते चले कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आतिशबाजी के साथ फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। वही स्थानीय लोगों का आरोप है कि आतिशबाजी की आड़ में फायरिंग भी की गई।
हालांकि, वीडियो में सुनाई दे रही आवाज वास्तव में गोली चलने की है या आतिशबाजी की, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर के बेटे अयान ने सोशल मीडिया पर अपने पिता की तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्हें “पापा किंग ऑफ अतरौली” लिखा। वहीं, एक अन्य पोस्ट में बिलाल की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक संदेश लिखे जाने का भी आरोप है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम जुलूस, आतिशबाजी और कथित फायरिंग से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। बताया गया है कि संबंधित हिस्ट्रीशीटर पूर्व में आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है और कुछ समय के लिए जिला बदर भी किया गया था।
वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज है।अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना है कि वीडियो में सुनाई दे रही आवाज आतिशबाजी की है या वास्तव में फायरिंग की गई थी।



