बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में अधिवक्ताओं का हंगामा, सुरक्षाकर्मी की माफी के बाद शांत हुआ विवाद
अधिवक्ता अपनी बीमार मां के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर उनकी अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला गरमा गया।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली/जनमत न्यूज। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक अधिवक्ता के साथ कथित बदतमीजी को लेकर अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन से अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि एक अधिवक्ता अपनी बीमार मां के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर उनकी अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला गरमा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए और सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सुरक्षाकर्मी को हटाने की मांग की और नाराजगी जताई।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक अधिवक्ताओं का गोरिल्ला प्रदर्शन चलता रहा, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
मामले को शांत कराने के लिए आकस्मिक चिकित्सक ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से बातचीत की। अंततः सुरक्षाकर्मी द्वारा अधिवक्ता से माफी मांगने के बाद विवाद समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हो गई।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने भी भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

Janmat News 
