प्रतापगढ़: सब्जी की दुकान पर चाकू से हमला करने का एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कोतवाली नगर पुलिस ने सब्जी की दुकान पर मारपीट कर चाकू से हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी उसके घर के पास से की गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कोतवाली नगर पुलिस ने सब्जी की दुकान पर मारपीट कर चाकू से हमला करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी उसके घर के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात करीब 10 बजे मोहम्मद फैसल उर्फ अमन अपनी सब्जी की दुकान पर पार्टनर अब्दुल कलाम के साथ बैठा था।
इसी दौरान मो. अनस पुत्र करामत उर्फ पुत्तुन, परवेज पुत्र मुन्ना जेलर और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में फैसल का कान कट गया।
इसके बाद आरोपियों ने फैसल और उसके पार्टनर के साथ मारपीट भी की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। घायल फैसल को उपचार के लिए प्रयागराज रेफर किया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 547/26, धारा 115(2), 352 व 118(2) बीएनएस में वांछित मो. अनस पुत्र करामत उर्फ पुत्तुन निवासी विवेक नगर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




