फतेहपुर: फर्जी रिश्तों का जाल बिछाकर लाखों की ठगी करने वाले साइबर गैंग का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

उप्र के फतेहपुर जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां की साइबर क्राइम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

फतेहपुर: फर्जी रिश्तों का जाल बिछाकर लाखों की ठगी करने वाले साइबर गैंग का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां की साइबर क्राइम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, मेट्रोमोनियल साइट के नाम पर शादी कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

इस मामले में 3 लड़कियों  समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक ये गिरोह कॉल सेंटर संचालित कर देशभर के लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी (यूनिक रिश्ते.कॉम) जैसी वेबसाइट के जरिए शादी के इच्छुक लोगों के नंबर हासिल करते थे।

फिर कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी फोटो भेजकर भरोसा जीतते थे इसके बाद रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर 2,999 रुपये से लेकर 19,999 रुपये तक की ठगी की जाती थी और पैसे आते ही पीड़ित से संपर्क तोड़ दिया जाता था। इसके लिए ये लोग अलग अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है जिसमें 8 CPU, 7 मॉनिटर, प्रिंटर, कीबोर्ड, माउस, बायोमेट्रिक डिवाइस, CCTV कैमरे, 25 कीपैड मोबाइल, 3 एंड्रॉयड फोन,137 एयरटेल और 7 VI सिम कार्ड के साथ करीब 72 हजार 930 रुपये नकद शामिल हैं।

इस गिरोह के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों-छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात समेत 17 लोगों ने  NCRP पोर्टल पर शिकायतें दर्ज थीं। फतेहपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।