बकरीद से पहले मुगलसराय का 160 किलो का बकरा बना आकर्षण का केंद्र

बकरीद से पहले यह खास बकरा इलाके में आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना हुआ है। जैद अहमद ने बताया कि कई लोग इसे खरीदने के लिए संपर्क कर रहे हैं, हालांकि अभी इसकी कीमत तय नहीं की गई है।

बकरीद से पहले मुगलसराय का 160 किलो का बकरा बना आकर्षण का केंद्र
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चन्दौली/जनमत न्यूज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में बकरीद के त्योहार को लेकर बाजारों और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच मुगलसराय का एक विशालकाय बकरा इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अपनी भारी-भरकम कद-काठी और वजन के कारण यह बकरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं और इसके साथ तस्वीरें व सेल्फी भी ले रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह बकरा करीब 5 से 6 फुट लंबा और 160 किलो से अधिक वजनी बताया जा रहा है। इलाके में इसकी चर्चा तेजी से फैल रही है और बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

बकरे के मालिक जैद अहमद ने बताया कि यह उनका अपना बकरा है, जिसकी विशेष देखभाल उनके एक मित्र के फार्म हाउस पर की गई। उन्होंने बताया कि जब यह बकरा खरीदा गया था तब इसका वजन लगभग 100 किलो था, लेकिन पौष्टिक आहार और बेहतर देखभाल के चलते अब इसका वजन 160 किलो के पार पहुंच गया है।

जैद अहमद के मुताबिक पिछले 11 महीनों से बकरे की विशेष परवरिश की जा रही थी। इसकी देखभाल पर हर महीने करीब 5 हजार रुपये खर्च किए गए, जिससे अब तक लगभग 55 हजार रुपये का खर्च आ चुका है। बकरे के खानपान में हरी घास, चना, दाना और अन्य पौष्टिक आहार शामिल किए गए। साथ ही समय-समय पर पशु चिकित्सकों से उसका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

उन्होंने बताया कि बकरे को सुरक्षित तरीके से मुगलसराय तक पहुंचाने में रेलवे प्रशासन और स्टाफ का भी सहयोग मिला। अधिक वजन होने के कारण इसे सड़क मार्ग से लाना मुश्किल था।

बकरीद से पहले यह खास बकरा इलाके में आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना हुआ है। जैद अहमद ने बताया कि कई लोग इसे खरीदने के लिए संपर्क कर रहे हैं, हालांकि अभी इसकी कीमत तय नहीं की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बकरे की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।