सीतापुर में 15 घंटे बाद सांसद राकेश राठौर ने समाप्त किया धरना

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे भारी पुलिस बल के साथ सांसद के आवास पहुंचीं। प्रशासन और सांसद के बीच लंबी वार्ता चली, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

सीतापुर में 15 घंटे बाद सांसद राकेश राठौर ने समाप्त किया धरना
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट —

सीतापुर//जनमत न्यूज।  सीतापुर में पिछले कई घंटों से जारी राजनीतिक तनाव और हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार समाप्त हो गया। गाजीपुर जाने से रोके जाने के बाद शुरू हुआ विवाद धरना, अनशन और प्रशासन से टकराव तक पहुंच गया था। करीब 15 घंटे से अधिक समय तक चले इस घटनाक्रम के बाद सांसद राकेश राठौर ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

बताया जा रहा है कि सांसद राकेश राठौर जब पीड़ित परिवार से मिलने गाजीपुर के लिए रवाना हो रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया और बाद में उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

कार्रवाई से नाराज सांसद राकेश राठौर ने अपने घर के बाहर ही आमरण अनशन शुरू कर दिया। उनके समर्थक भी रातभर मौके पर डटे रहे। सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया गया और कई समर्थक जमीन पर लेटकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे भारी पुलिस बल के साथ सांसद के आवास पहुंचीं। प्रशासन और सांसद के बीच लंबी वार्ता चली, जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बताया गया कि प्रशासन द्वारा ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद सांसद ने अपना धरना और अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

धरना समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। सांसद आवास के बाहर तैनात भारी पुलिस बल को धीरे-धीरे हटाया जाने लगा और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होने लगी।

इस पूरे घटनाक्रम ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है। विपक्षी दलों ने इसे जनप्रतिनिधि की आवाज दबाने का प्रयास बताया है, जबकि प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई को जरूरी बताया।