घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप, युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास

आरोपित युवक अक्सर घर से बाहर निकलने पर युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते थे, जिससे परेशान होकर दोनों बहनों ने अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी थी।

घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप, युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में दबंग युवकों द्वारा घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना से आहत होकर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

पीड़ित युवती के अनुसार घटना के समय वह अपनी बहन और मां के साथ घर में मौजूद थी। इसी दौरान कुछ दबंग युवक घर में घुस आए और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। युवती ने आरोप लगाया कि उक्त युवक लंबे समय से उसे और उसकी बहन को परेशान कर रहे थे।

परिजनों का कहना है कि आरोपित युवक अक्सर घर से बाहर निकलने पर युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते थे, जिससे परेशान होकर दोनों बहनों ने अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी थी। घटना से मानसिक रूप से आहत होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

घटना के बाद परिजनों ने युवती को तत्काल सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में परिजनों ने आरोपित युवकों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।