अंबेडकरनगर: एमएलसी हरिओम पांडे ने 17.170 किमी लंबी सड़क का प्रस्ताव करवाया पास, जल्द शुरू होगा काम
एमएलसी हरिओम पांडे के अथक प्रयास से अंबेडकरनगर जनपद के भीटी बाजार से अयोध्या के हैदरगंज होते हुए सुल्तानपुर के कूरेभार तक जाने वाले मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण व नवीनीकरण का कार्य शुरू होगा।
अंबेडकरनगर से आज़म खान की रिपोर्ट
अंबेडकरनगर/जनमत न्यूज़। एमएलसी हरिओम पांडे के अथक प्रयास से अंबेडकरनगर जनपद के भीटी बाजार से अयोध्या के हैदरगंज होते हुए सुल्तानपुर के कूरेभार तक जाने वाले मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण व नवीनीकरण का कार्य शुरू होगा।
अंबेडकरनगर के पूर्व सांसद व विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे के सार्थक प्रयास से लगभग 17.170 किलोमीटर लंबी इस सड़क को टू लेन में बदला जाएगा। एमएलसी हरिओम पांडे ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग रखी।
मांग पत्र में उन्होंने बताया कि भीटी बाजार से हैदरगंज होते हुए कूरेभार तक की यह सड़क तीन जनपदों अंबेडकरनगर, अयोध्या और सुल्तानपुर को जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के टू लेन होने से तीनों जनपदों की लगभग 2 लाख से अधिक आबादी का आवागमन सुगम और सुचारु हो जाएगा। यह मार्ग क्षेत्रीय जनता के लिए जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांग पर तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और सड़क को टू लेन बनाने का निर्देश दिया। एमएलसी के अनुसार इसी महीने में सड़क के चौड़ीकरण की कार्यवाही शुरू हो जाएगी। यह कदम क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
हरि ओम पांडे ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरे देश और प्रदेश में विकास का कार्य कर रही है और उसी के दिशा निर्देश के अनुसार हम भी अपने क्षेत्र में विकास का कार्य कर रहे हैं। और करते रहेंगे क्योंकि जनता ही हमारा परिवार है और मैं जनता का सेवक हूं।
वही इस फैसले से अंबेडकर नगर वासियो में खुशी की लहर है और सभी ने पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडे का और उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

Janmat News 
