एटा: सपा नेता के अवैध ईंट भट्ठे की बुझाई आग, प्रदूषण सर्टिफिकेट व रॉयल्टी जमा न होने पर कार्रवाई

उप्र के एटा जिले के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के राई गांव स्थित खाटू श्याम ईंट उद्योग पर पर्यावरण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

एटा: सपा नेता के अवैध ईंट भट्ठे की बुझाई आग, प्रदूषण सर्टिफिकेट व रॉयल्टी जमा न होने पर कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जिले के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के राई गांव स्थित खाटू श्याम ईंट उद्योग पर पर्यावरण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले सपा नेता मुकेश यादव उर्फ मुक्का के ईंट भट्ठे पर शिकायत के आधार पर यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

मंडलायुक्त को मिली शिकायत के बाद अलीगढ़ रेंज की पर्यावरण विभाग और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम की मौजूदगी में जलते ईंट भट्ठे की आग को बुझाया गया। इस कार्रवाई से सपा नेता मुकेश यादव को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।

एक हफ्ते में खनन विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। बीते शुक्रवार को खनन विभाग ने मुकेश यादव के खाटू श्याम ईंट उद्योग पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और मिट्टी मिलाने वाला मिक्सर जब्त कर अलीगंज कोतवाली में सीज कर दिया था।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई प्रदूषण सर्टिफिकेट और खनन विभाग की रॉयल्टी जमा न होने की शिकायत के आधार पर की गई है। ईंट उद्योग की एनओसी जुलाई 2025 से समाप्त है और आरोप है कि भट्ठा मालिक ने विभाग से नई एनओसी नहीं ली थी।

पर्यावरण विभाग के अवर अभियंता अभिषेक सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त को शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि भट्ठे को पर्यावरण विभाग से एनओसी नहीं मिली है और यह अवैध रूप से संचालित था। सिंह ने यह भी बताया कि जलते हुए ईंट भट्ठे की आग बुझा दी गई है।