औरैया: CBSE 12वीं परीक्षा में ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

उप्र के औरैया जनपद दिबियापुर स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

औरैया: CBSE 12वीं परीक्षा में ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। 

विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।

मानविकी वर्ग में मेधावी छात्रा वैष्णवी ने दो विषयों में 99 अंक प्राप्त करते हुए 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आयुषी यादव ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

जीव विज्ञान वर्ग में मोहम्मद अनस ने 87.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया। वाणिज्य वर्ग में ज़ीनिथ ने 82.2 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार गणित वर्ग में श्रद्धा ने 87.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।

विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों- मयंक पाल, पीयूष, मानवी गुप्ता, रक्षा मिश्रा, मानसी, कृष्णा, सोफी अली, आर्यन, आयुष, आशी, ध्रुव एवं मुनीश आदि ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

विद्यालय के प्रबंधक नवनीत गुप्ता ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश मिश्रा ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल की यह उल्लेखनीय उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प दोहराया।