संभल: सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी, राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर की पैमाइश
उप्र के संभल जनपद में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर राजस्व विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।
संभल से रामविरेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर राजस्व विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कब्रिस्तान, खाद के गड्ढे और वृक्षारोपण के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर बनी एक मस्जिद और 11 मकानों की पैमाइश की गई है।
राजस्व विभाग की टीम ने नक्शों के आधार पर मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की, जिसमें बड़े पैमाने पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई है। मामला जनपद के थाना नखासा क्षेत्र के गांव कसेरआ का है।
शुक्रवार को हल्का लेखपाल अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और राजस्व अभिलेखों व नक्शों के आधार पर सरकारी भूमि की पहचान कर पैमाइश शुरू की। गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को देखने के लिए भी मौके पर भीड़ जमा हो गई, हालांकि किसी ने भी कार्रवाई का प्रत्यक्ष विरोध नहीं किया। लोग आपस में चर्चा करते जरूर नजर आए। पैमाइश के दौरान गाटा संख्या 409, जो कि कब्रिस्तान की भूमि है, वहां करीब 280 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में एक मस्जिद और तीन मकान बने पाए गए।
वहीं गाटा संख्या 410, जो खाद के गड्ढे के लिए आरक्षित है, उस पर करीब 600 वर्ग मीटर क्षेत्र में आठ मकान निर्मित मिले।इस भूमि पर स्थित मस्जिद का सुन्नी वक्फ बोर्ड में पंजीकरण भी बताया जा रहा है।
इसके अलावा गाटा संख्या 411, जो वृक्षारोपण के लिए आरक्षित सरकारी भूमि है, वहां गांव के एक व्यक्ति द्वारा करीब 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में खेती किए जाने की पुष्टि हुई है। राजस्व विभाग की टीम ने पूरी पैमाइश रिपोर्ट तहसीलदार संभल को सौंप दी है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में धारा 67 के तहत तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा, जिसमें सभी संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Janmat News 
