शादी समारोह में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, पिता-पुत्र गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

बहन की शादी में भात देने आए मामा-मामी के स्वागत के दौरान कृष्ण वर्मा ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली छत पर खड़े 8 वर्षीय मासूम रेयांश के जबड़े में जा लगी।

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी, पिता-पुत्र गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। कोतवाली नगर क्षेत्र में बहन की शादी के दौरान की गई हर्ष फायरिंग एक परिवार पर भारी पड़ गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को बहन की शादी में भात देने आए मामा-मामी के स्वागत के दौरान कृष्ण वर्मा ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली छत पर खड़े 8 वर्षीय मासूम रेयांश के जबड़े में जा लगी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल रेयांश का इलाज नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शादी-समारोहों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।