लखीमपुर खीरी: धान के खेत में मिला हिस्ट्रीशीटर का शव, इलाके में हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद के पढुआ थाना क्षेत्र के लखनियापुर गांव के पास बुधवार सुबह धान के खेत में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
लखीमपुर खीरी से लोकेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद के पढुआ थाना क्षेत्र के लखनियापुर गांव के पास बुधवार सुबह धान के खेत में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की पहचान पठानन पुरवा निवासी कलीम पुत्र मजलूम के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार मृतक कलीम पढुआ थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ लगभग 20 से ज्यादा मुकदमों के साथी ही पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत से कलीम की बाइक भी बरामद हुई है, जिससे मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कलीम धान के खेत तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




