औरैया: पत्नी के मायके से न लौटने पर युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, अस्पताल ले जाते समय मौत
उप्र के औरैया जनपद के बिधूना कस्बे में पत्नी के मायके से वापस न आने और आपसी विवाद के चलते परेशान एक युवक ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बिधूना कस्बे में पत्नी के मायके से वापस न आने और आपसी विवाद के चलते परेशान एक युवक ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए कई अस्पतालों में ले गए, लेकिन सैफई ले जाते समय रास्ते में उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
अजीतमल सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्र के भदसया गांव निवासी ओमप्रकाश (27) पुत्र सूरजपाल बुधवार शाम करीब सात बजे अपने कमरे में था। उसकी मां माया देवी जब उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचीं तो वह उल्टियां कर रहा था।
हालत गंभीर देखकर परिजन उसे तत्काल बिधूना सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल चिचोली रेफर कर दिया। यहां हालत नाजुक होने पर उसे सैफई के लिए रेफर किया गया।
परिजन उसे लेकर सैफई जा रहे थे। अजीतमल के पास अचानक हालत बिगड़ने पर उसे अजीतमल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अननोन प्वाइजन के सेवन से उसकी हालत बिगड़ी थी।
परिजनों के मुताबिक ओमप्रकाश का पत्नी अभिलाषा से विवाद चल रहा था। पत्नी के मायके नौली ककोर से वापस न आने के कारण वह परेशान था। दंपती के तीन बच्चे हैं। मृतक ड्राइवरी करता था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
घटना की सूचना बिधूना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चिचोली भेजा जाएगा। घटना की जानकारी पत्नी और मायके पक्ष को भी दे दी गई है। युवक की मौत से मां माया देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



