हरदोई में खूनी खेल,पत्नी की बेरहमी से हत्या के बाद पति ने भी फांसी लगाकर दी जान; मचा हड़कंप
उप्र के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने दो जिंदगियों का अंत कर दिया। थाना पाली क्षेत्र के ग्राम कछेलियापुरवा में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू और ईंट से हमला कर हत्या कर दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने दो जिंदगियों का अंत कर दिया। थाना पाली क्षेत्र के ग्राम कछेलियापुरवा में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 52 वर्षीय लालपूत राठौर पुत्र छुट्टा का किसी घरेलू बात को लेकर अपनी 50 वर्षीय पत्नी जनुका देवी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लालपूत ने पत्नी पर चाकू और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने भी घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस दोहरी मौत की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।



