शाहजहांपुर: जानलेवा हमले में घायल ओवैस की मौत, पुलिस पर फूटा परिजनों का गुस्सा; लापरवाही का लगाया आरोप

उप्र के शाहजहांपुर जनपद से इस वक्त की एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। लोहे की रॉड से सिर पर किए गए जानलेवा हमले में कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच चली जंग आखिरकार ओवैस जिंदगी की जंग हार गया।

शाहजहांपुर: जानलेवा हमले में घायल ओवैस की मौत, पुलिस पर फूटा परिजनों का गुस्सा; लापरवाही का लगाया आरोप
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट 

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद से इस वक्त की एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। लोहे की रॉड से सिर पर किए गए जानलेवा हमले में कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच चली जंग आखिरकार ओवैस जिंदगी की जंग हार गया।

आज शनिवार सुबह करीब 9 बजे इलाज के दौरान ओवैस ने दम तोड़ दिया। बता दें कि रेलवे फाटक के पास बाप-बेटे पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में ओवैस गंभीर रूप से घायल हो गया था।

अब ओवैस की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही है।

क्या है पूरा मामला

शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र की अशफाक नगर चौकी के अंतर्गत रेलवे फाटक के पास हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, बाप-बेटे पर हमला किए जाने का आरोप है।

परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने ओवैस के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया था। हमले में ओवैस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद आज शनिवार 31 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई।

ओवैस की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की चीख-पुकार और परिजनों का दर्द इस घटना की गंभीरता को बयां कर रहा है। ओवैस की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।

परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए और जेल भेजा जाए। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक ओवैस का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

हालांकि,पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कर ली है लेकिन पुलिस की ओर से इस मामले में की गई कार्रवाई और उसका आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। फिलहाल शाहजहांपुर में ओवैस की मौत ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार न्याय की मांग कर रहा है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है। इस घटना मे एक परिवार का सदस्य चला गया। एक मां की दुनिया उजड़ गई और पीछे रह गए इंसाफ के इंतजार में सवाल!

आखिर रेलवे फाटक के पास ऐसा क्या हुआ था कि मामूली विवाद खूनी हमले में बदल गया?

क्या पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई की थी?

क्या आरोपियों की गिरफ्तारी होगी?

और सबसे बड़ा सवाल—उवैश को इंसाफ कब मिलेगा?

फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।