मुजफ्फरनगर: रविदास मंदिर की भूमि पर कब्जे का आरोप, दलित समाज का धरना चौथे दिन भी जारी
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के बेहड़ा थ्रू गांव में रविदास मंदिर की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर दलित समाज का धरना चौथे दिन भी जारी रहा।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के बेहड़ा थ्रू गांव में रविदास मंदिर की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर दलित समाज का धरना चौथे दिन भी जारी रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने प्रशासन से भूमि को कब्जामुक्त कराने, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
धरने के समर्थन में गांव के पूर्व प्रधान बिट्टू चौधरी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे। मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम जानसठ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पक्षों से जानकारी ली। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जब इस संबंध में वर्तमान ग्राम प्रधान से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि एसडीएम के गांव दौरे के दौरान क्या कार्रवाई हुई या अधिकारियों ने क्या निर्देश दिए।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। उधर, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं।


