भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यकर्ता पर मंमिया ससुर ने किया तेजाब से हमला, हालत गंभीर
भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता रशीद अहमद पर उनके मंमिया ससुर मुनव्वर अहमद ने तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया। इस हमले में रशीद अहमद बुरी तरह झुलस गए और उन्हें गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है,

अलीगढ़/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना देहली गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शाहजमाल रोड पर भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता रशीद अहमद पर उनके मंमिया ससुर मुनव्वर अहमद ने तेजाब (एसिड) से हमला कर दिया। इस हमले में रशीद अहमद बुरी तरह झुलस गए और उन्हें गंभीर हालत में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी मुनव्वर अहमद ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी देहली गेट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता रशीद अहमद की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।