औरैया पुलिस की बड़ी सफलता, 111 लोगों को लौटाए गए उनके खोए हुए मोबाइल फोन

उप्र के औरैया जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

औरैया पुलिस की बड़ी सफलता, 111 लोगों को लौटाए गए उनके खोए हुए मोबाइल फोन
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण बाजपेयी की रिपोर्ट 

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में औरैया पुलिस की साइबर थाना टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा एवं खोए हुए कुल 111 मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को संबंधित मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना/साइबर के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस टीम द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल फोन गुम होने अथवा गिर जाने संबंधी प्राप्त शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी।

पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास और तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 111 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। पुलिस द्वारा संबंधित मोबाइल धारकों को मोबाइल बरामद होने की सूचना देकर उन्हें अपने खोए हुए फोन प्राप्त करने के लिए सूचित किया गया।

शुक्रवार को पुलिस की ओर से मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस दिलाए जा रहे हैं। लंबे समय से अपने मोबाइल फोन खोने के कारण परेशान लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में खुशी का माहौल है और साइबर थाना टीम के प्रयासों की सराहना की जा रही है।

मोबाइल खोने पर घबराएं नहीं, पुलिस से करें शिकायत

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक औरैया ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन खोने अथवा चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

उन्होंने लोगों को अपने मोबाइल फोन में प्ले-स्टोर से संचार साथी एप डाउनलोड करने की सलाह दी, जिससे मोबाइल फोन से संबंधित जरूरी सुविधाओं और सूचनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर संबंधित व्यक्ति अपने मोबाइल की खरीद का बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड एवं अन्य पहचान पत्र लेकर अपने स्थानीय थाने पहुंचें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने का प्रयास करती है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार अपनी टीम के साथ लगातार जुटे रहे। वहीं उपनिरीक्षक हेमंत चौधरी ने भी हमराह पुलिसकर्मियों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

औरैया पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि तकनीक और पुलिस के निरंतर प्रयासों से आमजन की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाई जा सकती है। 111 मोबाइल फोन की बरामदगी साइबर थाना पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।