विकसित कृषि और समृद्ध किसान के संकल्प पर काम कर रही केंद्र सरकार: शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य विकसित कृषि और समृद्ध किसान का सपना साकार करना है।

विकसित कृषि और समृद्ध किसान के संकल्प पर काम कर रही केंद्र सरकार: शिवराज सिंह चौहान
REPORTED BY - ABHISHEK SHARMA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रामपुर/जनमत न्यूज। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य विकसित कृषि और समृद्ध किसान का सपना साकार करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री मंगलवार को रामपुर के मिलक क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने एक ढाबे पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं जानीं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, और डिजिटल कृषि प्लेटफॉर्म जैसे उपाय किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास कर रही हैं।
किसानों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों को मंत्री के समक्ष साझा किया, जिनमें सिंचाई, बीज की गुणवत्ता, बाजार मूल्य और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, किसान प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।