रामपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान, यातायात नियमों का पालन करने की अपील
उप्र के रामपुर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को यात्रीकर अधिकारी होरीलाल वर्मा ने शाहबाद स्थित राणा शुगर मिल परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाए। इससे रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दूर से ही दिखाई दे सकेंगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
इस दौरान यात्रीकर अधिकारी ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता भी बताई।
अभियान के दौरान चालकों से स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई। इसके अलावा यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध विभिन्न अभियोगों में प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। परिवहन विभाग का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।



