बुलंदशहर: शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान भाजपा नेता की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस सक्रिय

उप्र के बुलंदशहर जनपद में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी की जान ले ली।

बुलंदशहर: शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान भाजपा नेता की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस सक्रिय
Published By- Diwaker Mishra

बुलंदशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट  

बुलंदशहर/जनमत न्यूज़। उप्र के बुलंदशहर जनपद में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी की जान ले ली। हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली भाजपा नेता के कंधे को चीरती हुई छाती में जा घुसी, जिससे उसकी मौत हो गई।

हमारे संवाददाता सत्यवीर सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक जनपद के चोला थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई थी। दूल्हे शिवम की बारात ककोड़ थाना क्षेत्र के अजयनगर से चोला थाना क्षेत्र के खानपुर में आई थी।

इस दौरान लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की गई, जिससे यह हादसा हो गया। फायरिंग करने वाले शख्स का नाम सुग्रीव बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग के दौरान भाजपा नेता को गोली लगी।

फायरिंग के दौरान भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी कुर्सी पर बैठा था घायल धर्मेंद्र भाटी को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी सुग्रीव की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।