चन्दौली: अवैध गैस रिफिलिंग गोदाम पर प्रशासन का छापा, 11 सिलेंडर व उपकरण बरामद; संचालक फरार
उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के काली महाल क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने एक अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग गोदाम पर छापा मारा।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के काली महाल क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने एक अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग गोदाम पर छापा मारा।
इस कार्रवाई में छोटे-बड़े कुल 11 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और अन्य संबंधित सामग्री बरामद की गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम लंबे समय से घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल हो रहा था।
छापेमारी की सूचना मिलते ही सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह और कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मकान से लगभग 10 व्यावसायिक सिलेंडर मिले, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मकान मालकिन सरिता यादव ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने यह संपत्ति संतोष जायसवाल नामक व्यक्ति को किराए पर दी थी। संतोष जायसवाल ही इस गोदाम में गैस सिलेंडर रखता था। छापेमारी की खबर मिलते ही वह मौके से फरार हो गया।
सप्लाई इंस्पेक्टर ममता सिंह ने जानकारी दी कि यह छापेमारी जिलाधिकारी नियमताबाद के निर्देश पर की गई थी। बरामद किए गए सभी सिलेंडर और उपकरण जब्त कर लिए गए हैं।
संबंधित गैस एजेंसी से भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से अनुमोदन मिलने के बाद इस मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

Janmat News 
