थार गाड़ी से दबकर महिला की दर्दनाक मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
महिला का पौत्र थार गाड़ी को घर के अंदर खड़ी कर रहा था। गाड़ी को खड़ा करने के बाद दादी घर का फाटक बंद करने लगीं। इसी दौरान अचानक गाड़ी बैक गियर में आ गई और तेजी से पीछे की ओर बढ़ने लगी।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद / जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के थाना कादरी गेट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में थार गाड़ी से दबकर महिला की मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि थाना कादरी गेट क्षेत्र के मसैनी इलाके में महिला का पौत्र थार गाड़ी को घर के अंदर खड़ी कर रहा था। गाड़ी को खड़ा करने के बाद दादी घर का फाटक बंद करने लगीं। इसी दौरान अचानक गाड़ी बैक गियर में आ गई और तेजी से पीछे की ओर बढ़ने लगी।
गाड़ी को पीछे आते देख महिला घबरा गई और चिल्लाते हुए गाड़ी के साथ पीछे की ओर भागने लगी, लेकिन इससे पहले कि वह खुद को बचा पाती, गाड़ी दीवार से टकरा गई और महिला उसके बीच में दब गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। बाद में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Janmat News 
