हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई के मल्लावां थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बुधवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी मुख्य आरोपी मेहनूर उर्फ नूर मारा गया, जबकि एसओजी प्रभारी राजेश कुमार गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि बीते दिन ग्राम मटियामऊ के मक्का के खेत में मासूम का शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले बच्चे का अपहरण किया, फिर उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने चोरी के सिम कार्ड से परिजनों को फिरौती कॉल भी किया, ताकि मामला केवल अपहरण का प्रतीत हो।
घटना के बाद आईजी लखनऊ रेंज द्वारा आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार को घेराबंदी के दौरान थाना मल्लावां पुलिस और एसओजी टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी राजेश कुमार को भी गोली लगी, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मेहनूर पर विभिन्न जिलों में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उच्चाधिकारियों एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।