मिर्जापुर: ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता में लगाया लापरवाही का आरोप, कार्यदायी संस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
उप्र के मिर्जापुर जनपद के जिगना क्षेत्र स्थित विजयपुर-भारतगंज सड़क से कुशहां-बरबटा संपर्क मार्ग निर्माण कार्य में लीपापोती के विरोध में ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया।
मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद के जिगना क्षेत्र स्थित विजयपुर-भारतगंज सड़क से कुशहां-बरबटा संपर्क मार्ग निर्माण कार्य में लीपापोती के विरोध में ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के विरोध में जमकर नारेबाजी किया गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मजदूरों को भगाकर काम बंद करा दिया। कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी अंतर्गत कमोबेश चार सौ मीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है।
कुशहां दलित बस्ती एवं आसपास के लोगों ने आरोप लगाया मिट्टी व राख पर एक परत गिट्टी फैलाकर बगैर रोलर चलाए डामरीकरण का काम शुरू किया गया था। कार्यदायी संस्था के ठीकेदार लीपापोती कर अपना उल्लू सीधा करने पर आमादा हैं।
वहीं अवर अभियंता प्रवीण चौधरी ने बताया कि कार्य डप कराना गलत है। समय मिलने पर हम निर्माण कार्य का मौके पर निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को सौंप देंगे।
अधिकारियों का निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जैनेंद्र सिंह, परमानंद बाबूलाल, सम्राट, महेंद्र श्रीवास्तव, कल्लू शर्मा, आकांक्षा, कबूतरा देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।



